
कांग्रेस की चिंता छोड़ अपने कुनबे की फिक्र करें जयराम : राजेंद्र राणा
- HAMIRPURHindi News
- June 11, 2022
- No Comment
- 495
हमीरपुर 11 जून
कांग्रेस के अध्यक्ष कौन हैं, क्या हैं, कितने कार्यकारी अध्यक्ष हैं यह विषय न बीजेपी के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का है, न ही उनकी पार्टी का है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने बिखरते कुनबे को संभालें। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस की चिंता छोड़ अपने परिवार व पार्टी की चिंता करें। यह बात कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। उन्होंने कहा कि इधर-उधर की बातें करने की बजाय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जीरो विकास व चरम पर पहुंचे भ्रष्टाचार पर जनता को सफाई दें। जिस प्रदेश में 20 हजार करोड़ की फर्जी डिग्रियां बिकी हों, जिस प्रदेश में भ्रष्टाचार की तमाम सीमाओं को लांघते हुए कोविड-19 काल को कमाई का जरिया बनाया गया हो। जिस प्रदेश में भर्तियों की बोली लगाकर प्रदेश को शर्मसार व दागदार किया हो उस प्रदेश में लोकतंत्र का राजधर्म ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं देता है। अभी भी बीजेपी की साख और लाज बचानी है तो बीजेपी को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। नैतिकता के आधार पर बीजेपी खुद बाहर का रास्ता देखे अन्यथा प्रदेश की जनता व युवा वर्ग का गुस्सा आने वाले चुनावों में बीजेपी को घर का रास्ता दिखा देगा। राणा ने कहा कि सत्ता न बाजार है, न कोई सियासी चमत्कार है। सत्ता सिर्फ सेवा साधना का जरिया है। लेकिन बीजेपी ने इसको सुख साधन के साथ-साथ कमाई का अड्डा बना डाला है, जो कि खेदजनक ही नहीं दुर्भाग्यपूर्ण है।