
पंजाब,हिमाचल व चंडीगढ़ के सेल्फ हेल्प ग्रुपों को पाईटैक्स में मिली पहचान
- Anya KhabrenHindi News
- December 11, 2022
- No Comment
- 78
किसी ने किया पति का सपना पूरा तो कोई महिलाओं को दे रही रोजगार
अमृतसर, ( राहुल सोनी ) अमृतसर में चल रहे पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो में पहुंचे महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुपों को नई पहचान मिली है। पाईटैक्स में इस समय सिडबी के सहयोग से पंजाब, चंडीगढ़ व हिमाचल की महिलाओं के सेल्फ हेल्प गु्रप पहुंचे हैं। इन ग्रुपों से जुड़ी महिलाएं अपने-अपने उत्पाद बेच रही हैं।
पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंजाब चैप्टर के चेयर आरएस सचदेवा ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सिडबी के सहयोग पहली बार 30 स्टाल बुक हुए हैं, जहां महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप अपने उत्पाद लेकर आए हैं। यहां उडान सेल्फ हेल्प ग्रुप गुरदासपुर की अध्यक्ष हरजिंदर कौर ने बताया कि पहले जहां महिलाएं चूल्हे चौके तक सीमित थी वहीं अब ग्रामीण महिलाएं भी उद्यमी बनकर सामने आई हैं। उनका ग्रुप फुलकारी तथा वूलन का हैंडमेड सामान बना रहा है।
हिमाचल के सोलन में आर.एस. फूड प्रोडक्ट के नाम से समूह चलाने वाली नीलम वर्मा ने बताया कि उनके पति का सपना था कि वह न केवल खुद आत्मनिर्भर बनें बल्कि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाएं। आज वह अपने पति का सपना पूरा कर रही हैं। वह पाईटैक्स में चटनी, मुरब्बा, आचार आदि लेकर पहुंची हैं।
चंडीगढ़ से यहां पहुंची सुनीता पत्थर से बने गहने लेकर पहुंची हैं। वह तथा उनकी सहयोगी महिलाएं डिमांड के अनुसार पत्थर के गहने बनाकर बेच रही हैं। अमृतसर में प्रीत सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी सिमरन कौर की कहानी संघर्ष भरी रही है। इस अवसर पर सिडबी के महाप्रबंधक बलबीर सिंह तथा सहायक प्रबंधक हिमांशु शरद जयसवाल ने बताया कि सिडबी द्वारा आयोजित किए जा रहे स्वाबलंबन मेलों के माध्यम से महिलाओं तथा पुरूषों के समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि पाईटैक्स में पहुंचे 60 लोगों के समूह को पाईटैक्स में न केवल मंच मुहैया करवाया जा रहा है बल्कि उनके रहने तथा खाने का प्रबंध भी सिडबी द्वारा किया जा रहा है।