नाथपा झाकड़ी परियोजना की ऐतिहासिक छलांग, ऊर्जा उत्पादन में फिर हुआ रिकॉर्ड सृजन

झाकड़ी,

एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर परियोजना ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से ऊर्जा क्षेत्र में प्रशंसनीय पहचान बनाई है। 29 नवंबर 2025 को स्टेशन ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा हासिल करते हुए दूसरी सबसे तेज़ उपलब्धि अपने नाम कर ली। यह रिकॉर्ड उन्होंने पिछले वर्ष 1 दिसंबर 2024 को बनाए गए स्तर को पछाड़कर प्राप्त किया। इससे पहले, परियोजना का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 नवंबर 2011 को दर्ज हुआ था।

विशेष बात यह है कि 2025–26 में यह उपलब्धि केवल आठ महीनों में हासिल कर ली गई, जबकि चार महीने अभी बाकी हैं। यह न केवल स्टेशन की दक्षता को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि भविष्य में ऊर्जा उत्पादन के नए शिखर हासिल किए जा सकते हैं। निरंतर तकनीकी उन्नयन, उपकरणों का आधुनिक उपयोग और प्रबंधन की प्रभावी निगरानी इस उपलब्धि के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।



एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने टीम की उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताया और कहा कि ऐसी सफलताएँ संगठन के संकल्प, क्षमता और निरंतर सुधार की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन की टीम आने वाले वर्षों में भी देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और सामूहिक प्रयास का सटीक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित संचालन, अनुभवी मानव संसाधन और आधुनिक तकनीक ने मिलकर इस उपलब्धि का मार्ग प्रशस्त किया है।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस रिकॉर्ड के लिए पूरी टीम को श्रेय देते हुए ओएंडएम, पावर हाउस और नाथपा टीम के कार्य को निर्णायक बताया। उन्होंने विद्युत मंत्रालय, सीईए, राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन को अमूल्य कहा। साथ ही उन्होंने स्थानीय देवता चंभू महाराज जी के आशीर्वाद को भी इस उपलब्धि का अहम आधार बताया।