
रामपुर जल विद्युत स्टेशन में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस
- Aap ke LiyeHindi NewsSHIMLA
- January 27, 2025
- No Comment
- 30
रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत परियोजना प्रमुख श्री विकास मारवाह द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद सीआईएसएफ और हिमपस्को के जवानों ने परेड की और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
परियोजना प्रमुख ने अपने संबोधन में उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे जीवन में विशेष महत्व रखता है क्योंकि 26 जनवरी 1950 को देश में भारतीय संविधान लागू किया गया था और भारत को एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्र देश घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान एक जीवंत ग्रंथ है, जिसमें पिछले 76 वर्षों में कई बदलाव आए हैं, लेकिन भारतीय संविधान ने इस देश को कभी दिशाहीन नहीं होने दिया और इस देश के सभी वर्गों, सभी विचारधाराओं, सभी धर्मों और संप्रदायों को एकजुट रखा है।
उन्होंने बताया कि रामपुर एचपीएस विद्युत उत्पादन के नित नए उच्चतम मापदंड स्थापित कर रहा है। परियोजना प्रमुख ने परियोजना प्रभावित क्षेत्र के सभी देवी-देवताओं को नमन किया और परियोजना प्रभावित परिवारों, गांवों व अन्य स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया, जिनके प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग से यह परियोजना निर्बाध रूप से देश की उन्नति में निरंतर अपनी अहम भूमिका अदा कर रही है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर अंतर विभागीय समूहगान प्रतियोगिता “तिरंगा” का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुतियां रामपुर एचपीएस के कर्मचारियों, महिला क्लब के सदस्यों व सी.आई.एस.एफ. द्वारा दी गईं। इस प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। अंत में विजेता प्रतिभागियों एवं अन्य प्रस्तुतियों के प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख द्वारा पुरस्कृत किया गया।