कांग्रेस सरकार की गारंटियां पूरी तरह फेल, जनता का विश्वास उठा : श्रीकांत शर्मा

नगर निगम चुनावों में कमल का बटन दबाकर कांग्रेस को जवाब देगी जनता : भाजपा

पालमपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श नगर निगम बनाएगी भाजपा

Shrikant Sharma ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से विश्वास पूरी तरह उठ चुका है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटियां पूरी तरह फेल साबित हुई हैं और जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की वास्तविकता समझ चुकी है और आने वाले नगर निगम चुनावों में कमल के फूल का बटन दबाकर कांग्रेस को करारा जवाब देगी। शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय केवल झूठे आश्वासन दिए हैं।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा पालमपुर नगर निगम के लिए स्पष्ट विकास दृष्टि और मजबूत संकल्प लेकर जनता के बीच आई है। पार्टी के संकल्प पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पर्यटन और आधुनिक शहरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा की जीत के बाद पूरे क्षेत्र का एरियल सैटेलाइट सर्वे करवाकर ट्रैफिक और पार्किंग जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र की Narendra Modi सरकार के सहयोग से पालमपुर के लिए 5000 करोड़ रुपये के बड़े विकासात्मक मास्टर प्लान पर काम किया जाएगा। इसके तहत शहर में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अंडरपास, पुल और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक वार्ड में आधुनिक पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा पालमपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हर वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा सके। युवाओं और बच्चों के लिए ओपन जिम, चिल्ड्रन पार्क तथा बुजुर्गों के लिए विशेष पार्क विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पालमपुर को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा। टैक्सी चालकों, व्यापारियों और होटल संचालकों के सहयोग से पर्यटन सर्किट तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे। इसके अलावा पालमपुर के चारों प्रवेश द्वारों को शहीदों के नाम पर विकसित किया जाएगा तथा वीरभूमि पालमपुर में शहीद स्मारक का निर्माण भी किया जाएगा।

अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा के संकल्प पत्र और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।