किरण भड़ाना ने बिलासपुर के नए उपायुक्त के रूप में संभाला कार्यभार

बिलासपुर । भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वर्ष 2017 बैच की अधिकारी किरण भड़ाना ने मंगलवार को बिलासपुर जिले के उपायुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह लाहौल-स्पीति जिले में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थीं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद किरण भड़ाना ने जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन और विकास कार्यों को गति देने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में चल रही रेलवे और फोरलेन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने और परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना तथा आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

किरण भड़ाना ने बिलासपुर में पर्यटन विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। विशेष रूप से गोबिंद सागर झील में जल पर्यटन और अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ जिले के पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम किया जाएगा।

किरण भड़ाना इससे पहले विशेष सचिव, बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा निदेशक अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वह शिमला में अतिरिक्त उपायुक्त तथा सलूणी और नादौन में उपमंडलाधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

उनके बिलासपुर के उपायुक्त का कार्यभार संभालने के साथ जिले में प्रशासनिक नेतृत्व की नई जिम्मेदारी शुरू हो गई है।