
धर्मशाला । सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में प्रशासनिक नियुक्ति के तहत अनिल कुमार धीमान ने शनिवार को धर्मशाला स्थित जिला लोक संपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय, कांगड़ा में पदभार ग्रहण कर लिया। प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें जिला कुल्लू से स्थानांतरित कर कांगड़ा जिले में रिक्त पड़े जिला लोक संपर्क अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
नई जिम्मेदारी संभालने से पहले धीमान जिला कुल्लू में जिला लोक संपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। विभाग में अपने कार्यकाल के दौरान वे पालमपुर और देहरा में सहायक जिला लोक संपर्क अधिकारी (एपीआरओ) के पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं। इन विभिन्न पदों पर काम करने के दौरान उन्होंने जिला स्तर पर सरकारी योजनाओं, नीतियों और गतिविधियों से संबंधित सूचना के प्रसार तथा जनसंपर्क से जुड़े कार्यों का अनुभव हासिल किया है।
कुल्लू में डीपीआरओ की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें प्रदेश के प्रमुख जिलों में शामिल कांगड़ा में सूचना एवं जनसंपर्क व्यवस्था की कमान सौंपी गई है। धर्मशाला में पदभार संभालने के साथ ही उनके सामने जिले में सरकारी गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।






