मंडी के लडभड़ोल में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; छह युवकों की मौत से क्षेत्र में पसरा मातम

जोगिंदरनगर/मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में बुधवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही दुर्घटना में छह परिवारों के चिराग बुझने से लडभड़ोल और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छह युवक एक कार में सवार होकर कहीं से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लडभड़ोल क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि खाई में गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह युवकों की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना मंगलवार देर रात हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी बुधवार को मिली। युवकों के सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच एक राहगीर ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। हालांकि, कार सवार छहों युवकों को बचाया नहीं जा सका।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने इस अपूरणीय क्षति पर शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ एकजुटता प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।