बीरबल शर्मा
मंडी मंडी सदर थाना पुलिस में दर्ज हुए एक मामले में मंडी शहर में शादी समारोह के दौरान एक साले ने अपने जीजा को बुरी तरह से पीट डाला। घायल जीजा को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। पुलिस ने बीएनएस की धारा 126 /2, 115/2, 352 व 351/2 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मंडी सौली खड्ड के औद्योगिक एरिया में रहने वाले वरूण गोयल पुत्र कमलेश गोयल वी आर सोडा फेक्टरी उम्र 39 साल द्वारा बीती रात दर्ज करवाई गई शिकायत में कहा गया है कि बीती शाम लगभग साढ़े 7 बजे जब वह अपने एक रिश्तेदार के शादी समारोह में होटल राजमहल गया था तो उसके सगे साले गौरव कपूर पुत्र वेद प्रकाश कपूर मोती बाजार मंडी ने बिना किसी कारण से मुझे रोका, मुझे गंदी गंदी गालियां निकाली व मेरे साथ मारपीट करके मुझे बुरी तरह से घायल कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ महीने पहले भी मेरा साला गौरव कपूर मेरे व मेरे परिवार के साथ बदतमीजी व गालीगलौच कर चुका है जिसकी शिकायत की गई थी तथा इसका भी कलंदरा बनाकर एसडीएम मंडी को उस समय भेजा गया था। रिश्तेदारी होने के चलते मामले को खत्म कर दिया गया था मगर उसने फिर से लोगों के सामने उसे गंदी गंदी गालियां दी और मारपीट की। यही नहीं उसने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी। इस मारपीट के बाद घायल वरूण गोयल को अस्पताल में ले जाया गया जहां पर पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया व परिजनों ने उपचार करवाया। वरुण गोयल ने पुलिस से आग्रह किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। मंडी में एक साले द्वारा अपने जीजा की इस तरह से सरेआम सबके सामने पिटाई करने देने का मामला खूब चर्चा में है।





