मेलों से जीवंत रहती है देवभूमि की पहचान, सीएम सुक्खू को मिला मां शूलिनी और पिपलू मेले का आमंत्रण

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को शुक्रवार को शिमला में आगामी राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले और जिला स्तरीय पिपलू मेले के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा। यह प्रतिष्ठित मेला 26 से 28 जून 2026 तक सोलन में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह तथा सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा भी उपस्थित रहे।

मां शूलिनी मेला हिमाचल प्रदेश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसमें प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।

इसी दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उन्हें जिला स्तरीय पिपलू मेला-2026 का निमंत्रण दिया। यह मेला 24 से 26 जून 2026 तक जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दोनों आयोजनों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे मेले प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलता है तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

प्रदेश में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले ये दोनों मेले धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विविधता और जनभागीदारी के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे।