रामपुर,
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (आरएचपीएस) और लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 में शनिवार सुबह योग के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया। “Yoga for Healthy Ageing” अर्थात “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों, स्थानीय ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा अपने परिवार सहित शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संतुलित और स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन प्रबंधन कर्मचारियों और समाज के समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित करता रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर जीवनशैली प्रदान करता है। साथ ही ऐसे आयोजन संस्थान में सामुदायिक सहयोग और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह, लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 के परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा, दोनों परियोजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आवासीय परिसरों के निवासी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाते हुए नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक मजबूती का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब रहा जब निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों के समक्ष शीर्षासन का प्रदर्शन किया, जबकि उनकी धर्मपत्नी शैली शर्मा ने गरुड़ासन प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।
रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के खेल मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम स्वस्थ जीवनशैली, कार्य-जीवन संतुलन और गरिमापूर्ण वृद्धावस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।






