रामपुर: स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रामपुर एचपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का आयोजन शुरू हो गया है। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशों के तहत 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान परियोजना परिसर के अलावा परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में भी स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पखवाड़े के पहले दिन परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने, आसपास के वातावरण को साफ रखने और आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रत्येक वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
परियोजना प्रमुख ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला विषय नहीं है। स्वस्थ समाज और सकारात्मक कार्य वातावरण के लिए नियमित रूप से स्वच्छता को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता का व्यापक अर्थ शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ व्यक्ति के व्यवहार और संस्कारों में स्वच्छता से भी है। उन्होंने पर्यावरण को साफ और सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
स्वच्छता पखवाड़े के तहत रामपुर एचपीएस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। परियोजना परिसर और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने के साथ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पोस्टर और स्वच्छता संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता से जन-जागरूकता गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ाना और स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना है।






