रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने रचा इतिहास, 2000 मिलियन यूनिट उत्पादन का सबसे तेज कीर्तिमान

शिमला/रामपुर — एसजेवीएन लिमिटेड के 412 मेगावाट रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए एक वित्तीय वर्ष में 2000 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह कीर्तिमान दिनांक 5 फरवरी 2026 को हासिल किया गया, जो कि 14 फरवरी 2020 को बनाए गए पूर्व रिकॉर्ड से पूरे नौ दिन पहले है। यह उपलब्धि स्टेशन के ग्यारह वर्षों के प्रचालन इतिहास में उत्कृष्टतम निष्पादन को दर्शाती है।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेंद्र गुप्ता ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड रामपुर जलविद्युत स्टेशन की तकनीकी दक्षता, अनुशासित प्रचालन और टीम वर्क का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि पर स्टेशन से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को बधाई दी।

श्री गुप्ता ने भारत सरकार, हिमाचल प्रदेश सरकार, विद्युत मंत्रालय, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण तथा शिमला और कुल्लू जिला प्रशासन के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने परियोजना प्रमुख श्री विकास मारवाह के नेतृत्व में रामपुर जलविद्युत स्टेशन की टीम की अनुशासित कार्यशैली और मजबूत प्रबंधन प्रणाली की सराहना की।

एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) श्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक योग्यता, प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है। वहीं निदेशक (वित्त) श्री सिपन कुमार गर्ग ने इसे सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन और प्रचालनगत उत्कृष्टता के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण बताया।

कमीशनिंग के बाद से ही रामपुर जलविद्युत स्टेशन लगातार उत्पादन के नए बेंचमार्क स्थापित करता आ रहा है, जो इसके इंजीनियरिंग डिज़ाइन की मजबूती, उच्च अनुरक्षण मानकों और सतत प्रचालन दक्षता को दर्शाता है। यह उपलब्धि देश के लिए स्वच्छ एवं स्थायी ऊर्जा उत्पादन के प्रति एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।