लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा: चलती टाटा सूमो पर पहाड़ टूटा, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जब पांगी-उदयपुर मार्ग पर कुडू नाला के समीप एक चलती टाटा सूमो वाहन पर अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा और विशाल चट्टानें आ गिरीं। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 8 से 10 लोगों के सवार होने की आशंका है और कई लोगों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए हैं। हादसे के बाद मलबे से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद वाहन के पिछले हिस्से में आग भी लग गई, जिससे बचाव कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता देखी जा सकती है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन लाहौल घाटी से लगभग 60 से 70 किलोमीटर दूर कुडू नाला क्षेत्र में पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आया। हालांकि मृतकों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार अधिकांश लोग पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं।

भरमौर के विधायक जनक राज ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने चंबा और लाहौल-स्पीति के उपायुक्तों से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस, प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत अभियान चला रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।