हिमाचल प्रदेश सचिवालय के पास छोटा शिमला क्षेत्र में लगे एक विवादित बैनर को लेकर धार्मिक भावनाएं भड़कने का मामला सामने आया है। इस बैनर में भगवान श्रीराम को एक कचरे के ढेर की ओर तीर चलाते हुए दिखाया गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों में रोष फैल गया।
देवभूमि संघर्ष समिति के संयोजक अधिवक्ता भरत भूषण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बैनर शिमला नगर निगम के अधिकारियों द्वारा लगाया गया और इसमें भगवान श्रीराम का अपमान किया गया है, जो हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई कि ऐसे बैनर **शहर के अन्य हिस्सों में भी लगाए गए हो सकते हैं**, जिससे आम जनता और आगंतुकों में और अधिक नाराज़गी फैल सकती है।
पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा किसी धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान कर लोगों की भावनाएं भड़काने के उद्देश्य से किए गए दुर्भावनापूर्ण कृत्य से संबंधित है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह विवादित बैनर किसने और किस उद्देश्य से लगाया।






