
शिमला के सीटीओ चौक पर भाजपा युवा मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, मंत्री का पुतला जलाने को लेकर पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता
शिमला, 24 नवंबर। भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदर्शन कर मंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने और पद से इस्तीफा देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच उस समय तनाव बढ़ गया, जब युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी और युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सरकार और जगत सिंह नेगी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण मंच पर भारतीय सेना के शौर्य और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है।
सुशील कड़शोली ने कहा कि भारतीय सेना का पराक्रम और बलिदान पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी किसी जिम्मेदार मंत्री को शोभा नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि जगत सिंह नेगी अपने राजनीतिक बयानों में मर्यादा और संयम का पालन नहीं कर रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा की मांग है कि मंत्री देशवासियों और भारतीय सेना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय गरमा गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने इस प्रयास को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायर एक्सटिंगुइशर का इस्तेमाल भी किया। इस घटनाक्रम के चलते सीटीओ चौक पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कड़शोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विपक्ष के लोकतांत्रिक विरोध से घबराई हुई है और पुलिस प्रशासन के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और मंत्रियों के बयानों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए बल प्रयोग करना उचित नहीं है।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई या सरकारी दबाव से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जगत सिंह नेगी अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते और मंत्री पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक युवा मोर्चा का विरोध जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन के साथ ही सेना के सम्मान से जुड़े मुद्दे पर हिमाचल की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव और तेज होने के संकेत मिले हैं।






