
सुनील नेगी बोले– भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष जनजातीय स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ प्रतिरोध की मिसाल, मोदी सरकार ने कल्याण योजनाओं को दी नई गति
शिमला । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत हिमाचल प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में सांस्कृतिक, सामाजिक और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी ने शिमला में पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। नेगी ने बिरसा मुंडा के संघर्ष को अन्याय, शोषण और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध जनजातीय समाज की एकजुटता तथा स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही बिरसा मुंडा ने जिस साहस के साथ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया, वह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है।
नेगी के अनुसार, सप्ताह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियानों, रक्तदान शिविरों और जनजागरण गतिविधियों का आयोजन होगा। बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों और योगदान को सामने लाया जाएगा। सोशल मीडिया और अन्य जनसंपर्क माध्यमों से भी युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ जनजातीय मोर्चा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याण संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए नेगी ने कहा कि अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों तथा छात्रवृत्ति और फेलोशिप योजनाओं को जनजातीय समुदायों के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने को भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। नेगी ने कहा कि देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 8.6 प्रतिशत हैं। देश में 700 से अधिक जनजातीय समुदाय और 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान केवल औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को सम्मान देने का अवसर है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं।






