राहुल सोनी
अमृतसर: पंजाब में जनगणना का कार्य शुरू हो चुका है। जिससे प्रदेश के निवासियों की गिनती की जा रही है।
इस संबंध में सरकारी पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड करते हुए आईडेंटिटी जनरेट करने के बाद शहर की सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा ने बताया कि 30 अप्रैल से 14 मई तक जनगणना का कार्य आरंभ हो चुका है। जिसमें जिले का हर निवासी सरकारी पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करवा सकता है। इस पोर्टल में अपना फॉर्म पूरा भरने के बाद नागरिक की सेल्फ एन्यूमरेशन आईडेंटिटी बन जाएगी। यह जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पहले चरण में स्वगणना होगी। 30 अप्रैल से 14 मई तक लोग अपने आप मोबाइल व कंप्यूटर के माध्यम से स्वगणना में भाग ले सकते हैं।
15 मई से लगभग 3100 कर्मचारी जिले के हर घर तक पहुंच करेंगे और जनगणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अमृतसर शहर के पांच विधानसभा हल्कों में ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें कर्मचारियों को जनगणना के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। शहर के पांच हलकों की जनगणना नगर निगम के कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह गिल की देखरेख में होगी, जबकि शहर के अधिकारी के तौर पर नगर निगम के सहायक कमिश्नर विशाल वधावन व लवलीन शर्मा को सुपरीटेंडेंट की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि जनगणना में भाग लेना शहर के हर नागरिक का फर्ज है। इसलिए सभी लोगों से अपील है कि वह अपनी पूरी व सही जानकारी जनगणना के समय कर्मचारियों को मुहैया करवाएं, ताकि भविष्य में सरकार की योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंच सके। साथ ही उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने स्वगणना से अपनी आईडेंटिटी बनाई है वह घर पहुंचे जनगणना कर्मचारियों को दिखा सकते हैं।





