
झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में विजयदशमी का पर्व धार्मिक आस्था, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना के उपरांत सिंदूर उत्सव आयोजित किया गया, जबकि शाम को रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
विजयदशमी के अवसर पर आयोजित सिंदूर उत्सव में महिलाओं ने माँ दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा अखंड सौभाग्य की कामना की। धार्मिक परंपराओं और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित इस उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और माँ दुर्गा के जयकारों के बीच प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया। इस दौरान नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भी विसर्जन कार्यक्रम में भाग लेकर माँ दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी ने परियोजना की निरंतर प्रगति, समृद्धि और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की।
सायंकाल आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए सत्य, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने विजयदशमी के पर्व की मूल भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित किया गया। माँ दुर्गा के विसर्जन और रावण दहन के साथ विजयदशमी का उत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।





