उद्घोषित अपराधी ने पुलिस टीम पर चढ़ाई कार, घायल जवान ने तीन गोलियां चलाकर भी नहीं छोड़ा पीछा; 6 किलोमीटर बाद दबोचा

पालमपुर/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इंदौरा न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरक्षी गाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस जवान ने आरोपी की कार के टायरों पर तीन गोलियां दागीं, लेकिन वह मौके से भाग निकला। हालांकि, घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा जारी रखा और करीब छह किलोमीटर दूर उसे गिरफ्तार कर लिया।

घटना 17 नवंबर को खलेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के समीप हुई। पुलिस जिला नूरपुर के पीओ सेल में तैनात आरक्षी विशाल राणा और सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार इंदौरा न्यायालय से उद्घोषित अपराधी घोषित मजू निवासी रोड़ी, डाकघर ठाकुरद्वारा, तहसील पालमपुर की तलाश में जुटे थे।

पुलिस टीम को खलेट में आरोपी एक कार के भीतर सोता हुआ मिला। जैसे ही दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान बताकर उसे हिरासत में लेने की कोशिश की, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कार दौड़ा दी। इस दौरान उसने आरक्षी विशाल राणा को कुचलने का प्रयास किया। कार की टक्कर से विशाल राणा सड़क पर गिर पड़े और वाहन का अगला टायर उनके पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

अचानक हुए हमले में अपनी जान बचाने के लिए आरक्षी विशाल राणा ने अपनी पिस्तौल से आरोपी की कार के टायरों पर तीन गोलियां चलाईं। इसके बावजूद आरोपी वाहन लेकर वहां से भागने में सफल रहा।

घायल होने के बावजूद पीछा जारी रखा

हमले में चोटिल होने के बाद भी आरक्षी विशाल राणा और एएसआई संतोष कुमार ने आरोपी का पीछा करना नहीं छोड़ा। दोनों पुलिसकर्मी अपनी निजी गाड़ी से उसके पीछे रवाना हुए। करीब पांच से छह किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सिद्धपुर श्मशान घाट के समीप एक मोड़ पर पुलिस टीम ने आरोपी को काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मौके पर आरोपी की कार के दोनों टायर पंक्चर मिले। घटना में आरक्षी विशाल राणा और एएसआई संतोष कुमार के हाथों तथा पैरों में चोटें आई हैं।

पुलिसकर्मियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज

पुलिसकर्मियों की शिकायत के आधार पर पालमपुर पुलिस थाने में आरोपी मजू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132 और 121(1) के तहत एफआईआर संख्या 157/26 दर्ज की गई है।

बताया गया है कि इंदौरा न्यायालय ने आरोपी को 3 दिसंबर 2024 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पहले से भी मामले दर्ज हैं।

इस घटना में पुलिसकर्मियों की सतर्कता और घायल होने के बावजूद आरोपी का पीछा जारी रखने की कार्रवाई सामने आई है। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी गंभीर चुनौती को भी उजागर किया है।