हिमाचल भाजपा की 12 सदस्यीय प्रदेश कोर कमेटी गठित, जेपी नड्डा, जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर सहित प्रमुख नेता शामिल

प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया; राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर डॉ. राजीव बिंदल ने जारी की अधिसूचना

शिमला । हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रदेश कोर कमेटी का गठन कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशों के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को कमेटी की आधिकारिक अधिसूचना जारी की। 12 सदस्यीय इस कोर कमेटी में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं के साथ सांसदों, विधायकों तथा संगठन के पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

नई कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप को स्थान दिया गया है।

इसके अलावा लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार तथा राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार भी कमेटी के सदस्य होंगे।

प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को भी 12 सदस्यीय कोर कमेटी में शामिल किया गया है। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह विशेष आमंत्रित सदस्यों के तौर पर बैठकों में हिस्सा लेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कमेटी में कुल 12 नियमित सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य रखे गए हैं। इसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक चेहरों और संगठनात्मक पदाधिकारियों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाया गया है।

कोर कमेटी का गठन प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी राजनीतिक गतिविधियों, संगठन की रणनीति और प्रदेश में पार्टी की भूमिका से जुड़े अहम विषयों पर इस वरिष्ठ समिति की भूमिका महत्वपूर्ण रहने की संभावना है।