प्रदेश में 1010.60 करोड़ की लागत से चल रही है जायका परियोजना: प्रो.चौधरी चंद्र कुमार


डढम्ब में 91.65 लाख की बहाब सिंचाई योजना त्रैम्बला–ओला कूहल  का किया शिलान्यास
*शाहपुर विधानसभा में 6.75 करोड़ की उपपरियोजनाओं से 1510 किसान परिवार होंगे लाभान्वित


शाहपुर।
हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (चरण–2) जायका के तहत प्रदेश में कुल 1010.60 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस परियोजना के अंतर्गत आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु प्रदेश में 296 सिंचाई उप–परियोजनाएं तथा 10 कन्वर्जेंस सिंचाई उप–परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे 7933 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

यह जानकारी कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चौधरी चन्द्र कुमार ने दी। वे आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के डढम्ब में 91.65 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बहाब सिंचाई योजना त्रैम्बला–ओला कूहल का शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि जायका के तहत जिला परियोजना प्रबंधन इकाई पालमपुर (जिला कांगड़ा एवं चंबा) के माध्यम से 221 करोड़ रुपये से 102 उप–परियोजनाएं पालमपुर, देहरा, शाहपुर, ज्वाली और चंबा खंडों में प्रस्तावित हैं, जिनसे 3923.01 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।