धर्मशाला विधानसभा सत्र के बीच मुख्यमंत्री ने समृद्धि भवन का किया लोकार्पण

आधुनिक प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम

धर्मशाला से—विधानसभा सत्र चलने के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां 24.47 करोड़ रुपये की लागत से तैयार समृद्धि भवन का लोकार्पण किया। राज्य की प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और नागरिक सेवाओं को आधुनिक रूप देने की दिशा में यह भवन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

धर्मशाला के केंद्रीय क्षेत्र में निर्मित यह भवन न केवल सरकारी कामकाज को सुव्यवस्थित करेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी एक ही परिसर में उन्नत और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाएगा। भूकंप ज़ोन–5 के संवेदनशील क्षेत्र में होने के कारण इस भवन को विशेष रूप से मजबूत अधोसंरचना के साथ डिजाइन किया गया है, ताकि किसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

लगभग 2,511 वर्ग मीटर में फैला समृद्धि भवन एक धरातल तल, चार मंजिलों और दो बेसमेंट के साथ आधुनिक निर्माण तकनीक का उदाहरण प्रस्तुत करता है। भवन में 80 वाहनों की पार्किंग क्षमता मौजूद है, जिसमें आम नागरिकों और सरकारी स्टाफ दोनों के वाहनों के लिए स्थान नियत किए गए हैं।

सुविधाओं की बात करें तो भवन में स्मोक डिटेक्टर से लैस उन्नत अग्निशमन तंत्र, 50 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट, वर्षा जल संचयन प्रणाली, 30,000 लीटर की जल संग्रहण क्षमता, डीजी सेट और इंटरकॉम सुविधा जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। यह अधोसंरचना इसे प्रदेश के सबसे उन्नत प्रशासनिक भवनों में स्थान दिलाती है।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि समृद्धि भवन आधुनिक नागरिक सेवाओं, प्रशासनिक निपुणता और पारदर्शी शासन के लिए एक मॉडल हब के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि इस भवन के शुरू होने से धर्मशाला में चल रहे विभिन्न विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और जनता को त्वरित सेवाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने इसे शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के लिए एक मिशाल करार दिया।

विधानसभा सत्र के कारण शहर में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं, और इस बीच समृद्धि भवन का लोकार्पण प्रशासनिक विकास में सरकार की प्राथमिकताओं को भी रेखांकित करता है।

लोकार्पण समारोह में विधायक सुरेश कुमार, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, धर्मशाला महापौर नीनू शर्मा, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एपीएमसी कांगড়া के अध्यक्ष निशु मोंगरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भवन अब धर्मशाला में सरकारी कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और विधानसभा सत्र के दौरान इसकी शुरुआत होने से प्रदेश के विकास संदेश को और भी मजबूती मिली है।