महिला विश्व कप विजेता टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर उत्तर रेलवे अम्बाला मण्डल में ओएसडी खेल नियुक्त

राहुल सोनी
अमृतसर ,महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की खिलाड़ी सुश्री रेणुका ठाकुर को उत्तर रेलवे के अम्बाला मण्डल में अधिकारी विशेष कार्य (ओएसडी) खेल के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति मण्डल में खेल गतिविधियों को ओर अधिक सुदृढ़ एवं संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मण्डल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया, मण्डल खेल अधिकारी, कुलवंत सिंह व वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने सुश्री रेणुका ठाकुर को सम्मानित करते हुए उनकी इस प्रतिष्ठित नियुक्ति पर हार्दिक बधाई दी है।

अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपलब्धियों की सराहना करते कहा की उनका अनुभव, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता अम्बाला मण्डल में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुश्री रेणुका ठाकुर ने रेलवे प्रशासन द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास के लिए आभार प्रकट किया तथा आश्वासन दिया कि वह मण्डल में उभरती हुई खेल प्रतिभाओं की पहचान, उनके मार्गदर्शन एवं खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी व समर्पण के साथ कार्य करेंगी। उनकी यह नियुक्ति न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी, बल्कि उत्तर रेलवे के अंतर्गत खेल गतिविधियों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।