कांग्रेस सरकार के निक्कमेपन से हिमाचल विकास और विरासत दोनों में जा रहा पीछे: अनुराग सिंह ठाकुर

केंद्र ने चिंतपूर्णी के लिए दिए ₹50 करोड़, वर्षों से कांग्रेस सरकार नहीं कर पा रही खर्च: अनुराग सिंह ठाकुर

ऊना: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने नोएडा में शिव शक्ति सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ वेलफेयर सोसाइटी( रजि.) के 17 वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा जी के साथ सम्मिलित होकर बाबा बालकनाथ जी की आराधना कर उपस्थित हजारों की संख्या में हिमाचली जनता के समक्ष बाबा बालकनाथ जी के जीवन, कथाओं व उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यों ने बाबा बालकनाथ जी से संबंधित एक स्मारिका व कैलेण्डर का विमोचन भी किया।

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा” हिमाचल प्रदेश से बाहर निकले हर हिमाचली का सपना होता है कि वो बाहर ख़ुद को बहुत मज़बूती से स्थापित कर सके ताकि अवसर पड़ने पर वो देवभूमि हिमाचल के काम आ सके। यह देखना अत्यंत सुखद है कि शिव शक्ति सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ वेलफेयर सोसाइटी( रजि.) ने नोएडा में इतना विशाल बाबा बालकनाथ जी का मंदिर बना कर हमारी संस्कृति को भी हिमाचल से बाहर स्थापित करने का काम किया है। भारत के मंदिर भारत की आत्मा के प्रतीक रहे हैं। सदियों तक ये मंदिर ज्ञान, संस्कृति और चेतना के केंद्र रहे इसलिए विदेशी आक्रमणों में सबसे पहला प्रहार हमारी आस्था और स्वाभिमान पर हुआ। राम जन्मभूमि, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, सिर्फ मंदिर नहीं तोड़े गए, बल्कि भारत के आत्मविश्वास को कमजोर करने की कोशिश की गई। सदियों की गुलामी के बाद स्वतंत्र भारत में भी कई दशकों तक सांस्कृतिक विरासत को लेकर संकोच और उपेक्षा बनी रही”

आगे बोलते हुए श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ 2014 के बाद से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों को गर्व के साथ स्वीकार किया। मोदी सरकार ने मंदिरों को केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति, पर्यटन, रोजगार और विकास से जोड़ा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में मंदिरों के गलियारों और तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व पुनर्विकास हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक उज्जैन, मां कामाख्या मंदिर, राम मंदिर अयोध्या, केदारनाथ धाम और जूना सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार से भारत की आध्यात्मिक आत्मा को एक नई ऊर्जा मिली है। ये परियोजनाएं धार्मिक भावनाओं के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी प्रोत्साहित कर रही हैं। आज पूरी दुनिया देख रही है कि कैसे भारत अपनी विरासत को संजोते हुए, विकसित भारत की ओर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर है”

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण व उसके आस पास सुविधाएं बढ़ाने के प्रति हिमाचल की कांग्रेस सरकार की उदासीनता कष्टदायी है। चिंतपूर्णी माता मंदिर के लिए 50 करोड़ रुपये दिलाए कई वर्ष बीत गए मगर राज्य की सरकार उसे खर्च नहीं कर पा रही है। अगर यह अवसर हमारे पास होता तो 50 करोड़ केंद्र का और राज्य की ओर से 200 करोड़ रुपये लगवाकर चिंतपूर्णी धाम को और दिव्य व भव्य बनवाते। कांग्रेस सरकार के निक्कमेपन से हिमाचल विकास और विरासत दोनों में ही पीछे जा रहा है”