कर्ज अदायगी में चूक पर केसीसीबी की बड़ी कार्रवाई, नलसर स्थित निर्माणाधीन होटल परिसर किया सील

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) ने बहुचर्चित ऋण वसूली मामले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के नलसर स्थित एक निर्माणाधीन होटल परिसर को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। बैंक की यह कार्रवाई जिला प्रशासन, राजस्व विभाग के अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार, संबंधित संपत्ति पूर्व कांग्रेस नेता एवं स्थानीय कारोबारी युद्धचंद बैंस से जुड़ी हुई है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि संबंधित ऋण खाते में करोड़ों रुपये की देनदारी लंबे समय से लंबित थी और बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई। इसके बाद बैंक ने कानूनी प्रावधानों के तहत संपत्ति पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बल्ह सुभाष ठाकुर, क्षेत्रीय कानूनगो रोशन लाल और स्थानीय पटवारी की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने संपत्ति का निरीक्षण और पैमाइश की। बैंक अधिकारियों ने होटल परिसर में मौजूद निर्माण सामग्री और अन्य सामान का रिकॉर्ड तैयार किया। इसके बाद पूरी संपत्ति को कंटीली तारों से घेरकर सुरक्षित किया गया तथा मुख्य द्वार पर बैंक के कब्जे संबंधी कानूनी नोटिस भी चस्पा कर दिया गया।

यह मामला पिछले कुछ समय से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था। संबंधित कारोबारी ने बैंक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और संपत्ति के मूल्यांकन को लेकर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी। वहीं बैंक का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।

सूत्रों के अनुसार, अब बैंक आगामी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए बकाया ऋण की वसूली के लिए आगे की प्रक्रिया अपनाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोगों की नजरें आगे होने वाली प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।