कांगड़ा में रेड अलर्ट: 20 और 21 जुलाई को सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद, परीक्षाएं भी स्थगित

धर्मशाला ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा कांगड़ा जिले में 20 और 21 जुलाई को अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है।

जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त हेम राज बैरवा ने जारी आदेशों में कहा है कि रेड अलर्ट को देखते हुए विद्यार्थियों और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान, आंगनवाड़ी केंद्र, क्रेच, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश तथा बालयाहार स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय 20 और 21 जुलाई को पूर्णतः बंद रहेंगे।

प्रशासन ने इन दोनों दिनों में निर्धारित सभी परीक्षाओं को भी स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इन दो दिनों के दौरान शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी भी नियमित ड्यूटी से मुक्त रहेंगे। हालांकि, किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में जिला प्रशासन आवश्यकता पड़ने पर उनकी सेवाएं ले सकेगा।

इस बीच जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि भारी वर्षा के दौरान नदी, नालों, खड्डों और अन्य जल स्रोतों के आसपास जाने से बचें तथा अनावश्यक यात्रा न करें। उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 पर देने का आग्रह किया।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में कांगड़ा जिले के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी सभी आधिकारिक सलाह का पालन करने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।