नाथपा झाकड़ी परियोजना में उत्साहपूर्वक मनाया गया एसजेवीएन का 39वां स्थापना दिवस, कर्मचारियों की उपलब्धियों का हुआ सम्मान


झाकड़ी, 25 मई 2026

देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी एसजेवीएन का 39वां स्थापना दिवस नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच मनाया गया। समारोह में परियोजना से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस श्री राजीव कपूर द्वारा एसजेवीएन ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने निगम गीत गाकर संस्था के प्रति अपनी एकजुटता और गौरव को व्यक्त किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित “पीपल चॉइस एसजेवीएन स्टार अवार्ड” समारोह में निगम के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन और अनुशासित कार्यशैली के लिए 8 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें कार्यपालक एवं गैर-कार्यपालक दोनों श्रेणियों के कर्मचारी शामिल रहे। इसके अलावा हेल्थ चैंपियन विजेता को भी विशेष सम्मान देकर स्वस्थ कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित किया गया।

इस मौके पर परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने कहा कि एसजेवीएन ने अपने स्थापना काल से लेकर आज तक ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और यह यात्रा कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता की बदौलत संभव हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी निगम नई तकनीकों, नवाचार और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ता रहेगा।

उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सुरक्षा, गुणवत्ता और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहें। श्री कपूर ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे पुरस्कार संगठन में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हिमाचली लोकगायक “नाटी किंग कुलदीप शर्मा” की प्रस्तुति रही। उनकी टीम ने पारंपरिक लोकगीतों और नाटी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और उनके परिवारों ने भरपूर आनंद लिया और पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।