निकाय चुनाव: लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें, कांग्रेस प्रत्याशियों को दें समर्थन : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू


मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने प्रदेशवासियों से नगर निकाय चुनावों में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा है कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि अपने शहर, नगर और वार्ड के भविष्य को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं और जनता द्वारा चुनी गई स्थानीय सरकारें ही विकास को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जनता का एक-एक वोट शहरों की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और जनसेवा की दिशा तय करेगा। नगर निकायों को मजबूत बनाकर ही स्थानीय स्तर पर विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करे जो हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहें और आम लोगों की आवाज बनकर कार्य करें।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास, जनसेवा और पारदर्शी राजनीति के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता प्रदेश में मजबूत, जवाबदेह और विकासोन्मुख स्थानीय सरकारों के गठन के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याण, पारदर्शिता, ग्रामीण और शहरी विकास, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों के हितों के लिए कार्य कर रही है तथा निकाय चुनावों में जनता का समर्थन विकास की इस यात्रा को और अधिक मजबूती देगा।