नई दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में रविवार को हिमाचल मण्डी जन कल्याण सभा का 64वां वार्षिक सैर महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के डी.आई.जी. ऋषि राज सिंह को प्रतिष्ठित ‘हिमाचल रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि डी.आई.जी. ऋषि राज सिंह ने हिमाचलियों के उत्थान, मार्गदर्शन और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में जो उल्लेखनीय कार्य किए हैं, वे प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों को पहचानना और सम्मानित करना न केवल गर्व की बात है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
सम्मान ग्रहण करते हुए डी.आई.जी. ऋषि राज सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए सम्मान ही नहीं, बल्कि नई प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने हिमाचल और हिमाचलियों की सेवा के लिए अपने प्रयासों को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर मंत्री रोहित ठाकुर ने यह भी कहा कि हिमाचल मण्डी जन कल्याण सभा का वार्षिक सैर महोत्सव प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल हिमाचल की सांस्कृतिक धरोहर जीवित रहती है, बल्कि प्रवासी हिमाचलियों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता भी मजबूत होती है।
