8 नवंबर तक सभी जिलों में कांग्रेस के प्रदर्शन, संगठन को सक्रिय करने की तैयारी

शिमला — हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की रणनीति बनाई है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में संगठन को जिला और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।


कांग्रेस पहले ही विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ हिमाचल में प्रदर्शन कर चुकी है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूचियों में बदलाव से लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं और वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस मुद्दे को केवल शिमला तक सीमित रखने के बजाय जिलों और स्थानीय संगठन तक ले जाने से कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा सकेगा। पार्टी आने वाले दिनों में इन प्रदर्शनों को व्यापक राजनीतिक अभियान का रूप देने की तैयारी में है।