स्वच्छता पखवाड़ा 2026: एनजेएचपीएस झाकड़ी में स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियानों की शुरुआत

विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसजेवीएन निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) द्वारा “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” का शुभारंभ 16 मई से 31 मई 2026 तक किया गया। इस पखवाड़े की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई, जिसमें परियोजना परिसर झाकड़ी और नाथपा डैम क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस श्री राजीव कपूर ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की पहचान है, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान एसजेवीएन द्वारा अनेक रचनात्मक और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें व्यापक स्वच्छता अभियान, सरकारी विद्यालयों में बालिका शौचालयों को गोद लेना, स्वच्छता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता गतिविधियां तथा स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने वाले कार्यक्रम शामिल हैं।

एसजेवीएन प्रबंधन का उद्देश्य केवल परियोजना क्षेत्र तक सीमित न रहकर स्थानीय समुदाय और युवाओं के बीच भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। इस अभियान के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि “स्वच्छ भारत” की भावना को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा सके।