मोदी सरकार के 12 वर्ष: हिमाचल से लेकर हिंदुस्तान तक विकास की नई इबारत, एम्स, मेडिकल कॉलेजों, सड़कों और जनकल्याण योजनाओं से बदली तस्वीर : नड्डा

शिमला, 12 जून 2026

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” के तहत शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला परिवर्तनकारी दौर है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य करते हुए जनविश्वास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने अमृतकाल का आह्वान करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया था और पिछले 12 वर्षों में उस लक्ष्य की मजबूत आधारशिला रखी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाया। आज आम नागरिक को यह भरोसा है कि उसकी आवाज सुनी जाएगी और व्यवस्था में बदलाव संभव है।

नड्डा ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मोदी सरकार की कार्यशैली का आधार बना। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार किसी एक वर्ग, क्षेत्र या परिवार की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सरकार के रूप में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने जिन मुद्दों के लिए दशकों तक संघर्ष किया, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें पूरा कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाना और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू करना ऐसे ऐतिहासिक निर्णय हैं जिन्होंने देश की दिशा और दशा बदलने का काम किया।

नड्डा ने कहा कि लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद मिलना इस बात का प्रमाण है कि देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर भरोसा करता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद हुए तीन लोकसभा चुनावों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और पिछले वर्षों में हुए 75 प्रमुख चुनावों में से 43 में भाजपा और एनडीए को सफलता मिली है।

आधारभूत ढांचे में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि देश में रेलवे विद्युतीकरण में 200 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और हिमाचल प्रदेश में शत-प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों, फोरलेन परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन नेटवर्क ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में 4.30 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कें बनाई गई हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है, जिससे दूरदराज के गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। हिमाचल प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के सभी घरों तक नल से पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया गया है।

स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में लगभग दो लाख शौचालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वच्छता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी एक लाख से अधिक परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विस्तार को ऐतिहासिक बताते हुए नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में लगभग 376 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 820 से अधिक हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि एम्स बिलासपुर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुआ है।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के रक्षा निर्यात में 5700 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ब्रह्मोस मिसाइल, स्वदेशी रक्षा उपकरण और आधुनिक सैन्य तकनीक भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा क्षेत्र में केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्यातक देश के रूप में उभर रहा है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता, गगनयान मिशन की तैयारी, मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर उद्योग, डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, आधुनिक हवाई अड्डों का निर्माण और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क का तेजी से विस्तार भारत के बदलते आत्मविश्वास और नई शक्ति का प्रतीक हैं।

अपने संबोधन के अंत में नड्डा ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वासी, सक्षम और विश्व मंच पर नेतृत्व करने वाला भारत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।