

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने राज्यपाल को विद्युत उत्पादन क्षमता और परियोजना की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
रामपुर, झाकड़ी । हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में एसजेवीएन के मंडप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं।
एसजेवीएन के मंडप में पहुंचने पर नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने राज्यपाल को स्टेशन की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन की क्षमता और बिजली उत्पादन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एसजेवीएन की जलविद्युत परियोजनाओं और ऊर्जा क्षेत्र में उसकी भूमिका से संबंधित जानकारियां भी साझा की गईं।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के अवसर पर लगाई गई यह प्रदर्शनी क्षेत्र के लोगों और मेले में आने वाले आगंतुकों को एसजेवीएन की कार्यप्रणाली तथा जलविद्युत उत्पादन की प्रक्रिया से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान शिमला जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एसजेवीएन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।







