वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएगी कांग्रेस: सत्यजीत नेगी

शिमला।  हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूचियों में पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने और मतदान के अधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जमीनी स्तर पर तेज करने का आह्वान किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं शिमला जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सत्यजीत नेगी ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार इस आंदोलन का संदेश प्रदेश के प्रत्येक गांव, पंचायत और घर तक पहुंचाया जाए, ताकि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरूकता पैदा हो सके।

शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला जिला कांग्रेस कमेटी की ग्रामीण और शहरी इकाइयों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए सत्यजीत नेगी ने भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से लोगों के मतदान अधिकारों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि देश में एसआईआर के नाम पर 13 करोड़ से अधिक नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित किया गया है। नेगी के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत खासतौर पर उन लोगों के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जाने की आशंका है, जो अपनी आवाज प्रभावी ढंग से उठाने में सक्षम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी है, जिनके मतदान के अधिकार पर किसी भी तरह का खतरा पैदा हो रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस मुद्दे को केवल राजनीतिक बहस तक सीमित न रखें, बल्कि आम लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करें।

सत्यजीत नेगी ने जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर अभियान चलाएं। मतदाता सूचियों की जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची में नाम की स्थिति जांचने और किसी भी तरह की कथित वोट चोरी या मताधिकार से वंचित किए जाने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी विधित चौधरी ने भी हिमाचल प्रदेश में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन को और व्यापक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं और इस संघर्ष में पार्टी के प्रत्येक नेता तथा कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक स्तर पर एकजुट होकर अभियान को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि मताधिकार की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त है। उन्होंने प्रदेश में इस मुद्दे पर जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियों को तेज करने की आवश्यकता जताई।

शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने भी वर्चुअल संबोधन में संगठन की आगामी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही शिमला ग्रामीण क्षेत्र की सभी पंचायतों का दौरा करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गति देंगे। बैठक में शिमला ग्रामीण के सभी ब्लॉक अध्यक्ष भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

कांग्रेस की इस संयुक्त बैठक में मतदाता सूचियों की निगरानी, पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करवाने और मतदान के अधिकार को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने को अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया गया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर संगठन की गतिविधियां अब पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।