शिमला/रोहड़ू — मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हालिया रोहड़ू दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तस्वीर और नाम कार्यक्रम में प्रमुखता से नजर नहीं आने को लेकर कांग्रेस के भीतर फिर चर्चा शुरू हो गई है। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने इस पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह को इतनी जल्दी भुला देना उचित नहीं है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि रोहड़ू वीरभद्र सिंह की लंबे समय तक राजनीतिक कर्मभूमि रहा है और ऐसे क्षेत्र में किसी सरकारी या पार्टी कार्यक्रम के दौरान उनके योगदान को याद किया जाना स्वाभाविक अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नई पीढ़ी को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संघर्ष और योगदान से परिचित कराना भी संगठन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर किसी ने पोस्टर नहीं लगाया तो कांग्रेस के दूसरे पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनकी तस्वीर लगा सकते थे। उनके इस बयान को प्रदेश कांग्रेस के भीतर पुराने नेतृत्व की विरासत और मौजूदा संगठनात्मक नेतृत्व के बीच चल रही बहस के संदर्भ में देखा जा रहा है।





