रामपुर बुशहर:
दूरदराज़ पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एसजेवीएन फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल द्वारा आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में Fully Auto Bio Chemistry Analyzer मशीन स्थापित कर क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था को नई तकनीकी शक्ति प्रदान की गई है।
इस आधुनिक मशीन का उद्घाटन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना एसजेवीएन की सामाजिक प्रतिबद्धता का अहम हिस्सा है और कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है।
रामपुर आयुर्वेदिक अस्पताल प्रतिवर्ष 40 हजार से अधिक ओपीडी और लगभग एक हजार आईपीडी मरीजों का उपचार करता है। अब इस मशीन के माध्यम से मरीजों को विभिन्न जांचों की रिपोर्ट पहले से अधिक शीघ्र और सटीक मिलेगी। इससे रामपुर, कुमारसैन, ननखड़ी, निचार, निरमंड और आनी क्षेत्र के हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
ई. विकास मारवाह ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उद्देश्य केवल मशीन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निःशुल्क जांच सुविधा मिलने से उनका आर्थिक बोझ भी कम होगा।
इस अवसर पर श्री संजीव शर्मा, श्रीमती कौशल्या देवी नेगी, डॉ. रोहिणी शर्मा सहित एसजेवीएन और आयुर्वेदिक विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






