ऊर्जा उत्पादन में एसजेवीएन की बड़ी छलांग, नाथपा-झाकड़ी परियोजना ने बनाया दूसरा सबसे बड़ा एकल-दिवसीय उत्पादन रिकॉर्ड

देश की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल एसजेवीएन के नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 4 जुलाई 2026 को 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

यह परियोजना के इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ एकल-दिवसीय प्रदर्शन है। इससे पहले 18 जुलाई 2023 को 39.570 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन दर्ज किया गया था। परियोजना का सर्वाधिक रिकॉर्ड 13 अगस्त 2024 को 39.572 मिलियन यूनिट का है, जो अब भी बरकरार है।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि संगठन की उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, उच्च तकनीकी दक्षता और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इसे टीमवर्क की शानदार मिसाल बताया, जबकि निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने कहा कि ऐसे रिकॉर्ड संगठन की वित्तीय मजबूती और विकास की गति को और मजबूत करते हैं।

निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने कहा कि यह सफलता अत्याधुनिक तकनीक, प्रभावी रखरखाव प्रणाली और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का परिणाम है।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि इस उपलब्धि में ओ एंड एम, पावर हाउस और नाथपा इकाई के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने एसजेवीएन के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और सभी हितधारकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

लगातार रिकॉर्ड स्तर का बिजली उत्पादन यह दर्शाता है कि नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन केवल देश की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजनाओं में से एक ही नहीं, बल्कि परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी विश्वसनीयता और ऊर्जा दक्षता का भी राष्ट्रीय मानक बन चुका है। आने वाले समय में भी एसजेवीएन से ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।