ऋषिकेश: विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त 2026 को हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बाद टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDCIL) ने प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
कंपनी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रमिक के निकटतम परिजन (Next of Kin) को ₹5 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए प्रत्येक श्रमिक को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
टीएचडीसीआईएल प्रबंधन ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने कहा कि इस कठिन और पीड़ादायक समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी की ओर से दी जाने वाली यह सहायता दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक राहत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
13 अगस्त को पीपलकोटी परियोजना की टेल रेस टनल में हुई घटना ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा की है। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घटना के कारणों को लेकर भी संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने एक बार फिर दिवंगत श्रमिकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उनके परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिलने की कामना की है।






