देहरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अधिसूचना जारी कर मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम, देहरा तक की सड़क को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण क्षेत्र में बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके अलवा पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा, स्कूली बच्चों की आवाजाही, सब-डिविजनल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच तथा आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस सड़कमार्ग पर नो-पार्किंग जोन के साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पुलिस प्रशासन को नो-पार्किंग संबंधी प्रावधानों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने कहा कि नो-पार्किंग जोन में नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वाहनों को टो भी किया जा सकता है।






