


झाकड़ी |
एसजेवीएन (SJVN) के 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (NJHPS), झाकड़ी के खेल मैदान में आज अंतर-इकाई वॉलीबॉल और कबड्डी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस खेल महाकुंभ का औपचारिक उद्घाटन परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने एसजेवीएन का ध्वज फहराकर और प्रथम मैच की शुरुआत कराकर किया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एसजेवीएन की विभिन्न इकाइयों से आई छह टीमें खिताबी जीत के लिए आपस में भिड़ रही हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान शिवालिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक हिमाचली वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ मुख्य अतिथि राजीव कपूर का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन किया। मैदान पर खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपने अनुशासन का परिचय दिया, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और निष्पक्षता के साथ मुकाबले खेलने की शपथ दिलाई गई। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक हिमाचली नाटी ने भी दर्शकों का मन मोह लिया, जिसकी मुख्य अतिथि ने मुक्तकंठ से सराहना की।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि खेलकूद केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्फूर्ति और स्वस्थ जीवनशैली के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण झाकड़ी परियोजना स्थल का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों को आपस में जोड़ने, संवाद बढ़ाने और पारस्परिक भाईचारे को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से टीम भावना और खेल के उच्च मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मानव संसाधन विभागाध्यक्ष मनीष शर्मा ने परियोजना प्रमुख राजीव कपूर के मार्गदर्शन में हो रहे इस आयोजन की सराहना की और बाहर से आई सभी टीमों का स्वागत करते हुए टूर्नामेंट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एनजेएचपीएस के समस्त विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






