प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। हरियाणा सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने आज फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ अनाज मंडी का निरीक्षण किया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सभी मंत्री और विधायक फील्ड में रहकर मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि बारदाना, उठान, परिवहन, साफ-सफाई या किसी अन्य प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक कई मंडियों का दौरा किया जा चुका है, जहां अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर उठान और परिवहन में देरी जैसी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिन किसानों की फसल अभी मंडियों तक नहीं पहुंची है, उनके लिए भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी तकनीकी बाधा, जैसे पोर्टल या सर्वे से जुड़ी समस्या, का समाधान मौके पर ही किया जाए। उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान का नाम पोर्टल पर नहीं आता है तो स्थानीय स्तर पर उसका रिकॉर्ड दर्ज कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि नमी से संबंधित समस्याओं पर भी केंद्र सरकार द्वारा दी गई छूट से किसानों को राहत मिली है।
कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की सराहना करते हुए इसे देश के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना इस बात का प्रमाण है कि सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस परिवार और देश में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां उन्नति और खुशहाली निश्चित है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी फसल का उचित एवं समयबद्ध प्रबंधन किया जाए।
इस अवसर पर बल्लभगढ़ एसडीएम श्री मयंक भारद्वाज, डीएफएससी श्री कविता परिहार, मार्केट कमेटी के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, आढ़ती, ट्रांसपोर्टर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





